रूद्रपुर: देशभर में कृषि कानूनों के विरोध के बीच उत्तराखंड भाजपा ने रूद्र्रपुर में ट्रैक्टर रैली निकाली। भाजपा और उससे जुड़े किसान संगठनों ने टैक्टरों पर सवार होकर कृषि कानूनों का समर्थन किया। किसान रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा के प्रदेश मुखिया वंशीधर भगत और केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी रूद्रपुर पहुंचे और किसान रैली में शामिल हुए।
कृषि कानूनों के समर्थन में निकाली गई भाजपा की रैली का लोगों ने जगह-जगह विरोध किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और व कृषि बिल के समर्थन में उतरे किसानों की लोगों के साथ झड़पे भी हुई। स्थानीय लोगों ने रैली का विरोध कर ट्रैक्टरों को आगे नहीं बढ़ने दिया। लिहाजा रैली में घमासान की स्थिति बन गई।
वहीं गदरपुर में कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय की कार पर चूडियां फेंकी तो रूद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल के वाहन पर नाराज लोगों ने संतरे फंके। जगह-जगह रैली का विरोध होने पर भाजपा को अपनी रैली का रूट बदलना पड़ा। अंत में रैली गाबा चैके के बजाय पार्टी दफ्तर में पहुंची।
रैली के दौरान अपने सम्बोधन में केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने जनधन योजना को प्रधानमंत्री का अद्भुत कार्य बताया। उज्जवला योजना को नारी सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग पर तीन कानून बनाए हैं। जिससे कांग्रेस की जमीन खत्म हो चुकी है। कांग्रेस का लुका छिपी का एजेंडा चला रही है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि कांग्रेस किसानों को बरगला रही है। ऐसे चेहरों को बेनकाब करें, जो किसानों के कंधों का इस्तेमाल कर राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं।


