देहरादूनः राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के देहरादून दौरे को लेकर उत्तराखंड पुलिस खासी चौकस है। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर सुरक्षा व्यवस्था में नियुक्ति पुलिस बल की भी ब्रीफिंग की।
इस दौरान एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डा. वी मुरुगेशन ने ड्यूटी में नियुक्त सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने साथ पहचान पत्र व ड्यूटी कार्ड रखने के निर्देश जारी किये। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में आमजन के प्रवेश व निकासी के लिए बनाए गए प्वाइंटों पर सुरक्षा उपकरणों की सहायता से प्रत्येक व्यक्ति की अनिवार्य रूप से चेकिंग करने के भी निर्देश दिये।
पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने वीवीआइपी रूट प्रभारी को निर्देशित किया कि वीवीआइपी कार्यक्रम से पूर्व ही संर्पूण कट व्यवस्था को भली प्रकार निरीक्षण कर इस बात को सुनिश्चित कर लें कि वीवीआइपी रूट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री न पड़ी हो। इसके अलावा सभी प्रभारी अधिकारियों को वीवीआइपी के भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल व उसके आसपास के क्षेत्र में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान किसी को भी इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं होगी।
वीवीआइपी ड्यूटी में लगने वाला पुलिस बल
- पुलिस अधीक्षक- 10
- अपर पुलिस अधीक्षक-13
- क्षेत्राधिकारी – 37
- निरीक्षक व थानाध्यक्ष : 23
- उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक : 109
- महिला उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक : 14
- मुख्य आरक्षी: 194
- आरक्षी : 386
- महिला आरक्षी : 95
- पीएसी दो कंपनी, एक प्लाटून व ढाई सेक्शन


